चंडीगढ़। दीवाली पर बंपर इनाम और लकी ड्रॉ की योजनाएं तो हर शहर में देखने को मिलती हैं, लेकिन अपने सहकर्मियों को दीवाली पर कार गिफ्ट करने की पहल ने एमके भाटिया ग्रुप के एमके भाटिया को अलग पहचान दिलाई है।
इस बार ग्रुप के 35 सहकर्मियों की धड़कनें तेज हैं। सभी को बुधवार दोपहर 3:30 बजे का बेसब्री से इंतजार है, जब लकी ड्रॉ के जरिए एक कर्मचारी की कार जीतने की किस्मत का फैसला होगा। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या गार्ड संजय इस बार लकी साबित होंगे और कार उनके नाम निकलेगी?
गार्ड से लेकर अधिकारी तक को मिला जीतने का मौका
एमके भाटिया अपनी इस पहल का पहला श्रेय ईश्वर को और दूसरा अपने सहकर्मियों को देते हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों की मेहनत, लगन और सहयोग के बिना यह सब संभव नहीं हो सकता था।
उनके लिए यह सिर्फ कार गिफ्ट करने की परंपरा नहीं, बल्कि उन लोगों के प्रति आभार जताने का तरीका है, जिनकी मेहनत से कारोबार आगे बढ़ रहा है।
इस लकी ड्रॉ की खासियत यह है कि इसमें गार्ड से लेकर अधिकारी तक, हर पात्र कर्मचारी को कार जीतने का मौका मिल रहा है। अब बुधवार दोपहर 3:30 बजे का इंतजार है, जब 35 सहकर्मियों में से किसी एक के घर दीवाली की खुशियां कार के रूप में पहुंचेंगी।