हरियाणा में इस महीने के आखिर दो दिनों में फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. बता दें कि बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28-29 अक्टूबर को हरियाणा के 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
हरियाणा में बीते दो दिन से हो रही बारिश के साथ उत्तरी हवा के चलते कई जिलों में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में गिर रहे तापमान के तौर पर भी दिख रहा है. वहीं 28 और 29 अक्टूबर को हिसार, भिवानी, दादरी, झज्जर, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल और रोहतक में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री के बीच में किया गया दर्ज
हरियाणा में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच में दर्ज किया गया है. हिसार में रात का तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा. सोनीपत में 13 डिग्री, करनाल में 14.1, सिरसा में 14.4 और रेवाड़ी में 14.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. इस साल अक्टूबर महीने के शुरू होते ही वायु गुणवत्ता येलो और ऑरेंज जोन में दर्ज किया गया था. राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 26 अक्टूबर को हरियाणा में 174 AQI दर्ज किया गया. वहीं गुरुग्राम प्रदेश का शहर रहा, जहां 156 एक्यूआई दर्ज की गई. पंचकूला की हवा सबसे बेहतर रही, जहां AQI 44 दर्ज किया गया.
साल 2025 की तुलना में इस बार प्रदूषण का स्तर काफी कम
अन्य शहरों का AQI में पानीपत (167), बहादुरगढ़ (162), सोनीपत (128), कैथल (123), फरीदाबाद (117), हिसार (101), फतेहाबाद (78), पलवल (73), जींद (70), करनाल (55), रोहतक (56), भिवानी (93), और थानेसर (94) रहा. वहीं बीते साल 2025 की तुलना में इस बार 26 अक्टूबर 2026 को प्रदूषण का स्तर काफी कम रहा है.