वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों को दी गई डेटा अपडेट एवं सॉफ्टवेयर संचालन की जानकारी, रियल टाइम आधार पर सूचनाएं अपडेट करने के निर्देश

हनुमानगढ़,
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित डीओआईटी वीडियो कांफ्रेंस कक्ष में वीडियो कांफ्रेंस-सह-प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े जिला स्तरीय एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (आरओ) स्तर के अधिकारी तथा तकनीकी कार्मिक शामिल हुए।
वीडियो कांफ्रेंस के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने SECRAJ एवं ईवीएम (ई-सूची) सॉफ्टवेयर के संचालन से संबंधित प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों को निर्वाचन एवं ईवीएम से संबंधित विभिन्न सांख्यिकी तथा प्रशासनिक सूचनाओं को सॉफ्टवेयर पर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से अपडेट करने की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान पोर्टल पर चरणबद्ध तरीके से डेटा प्रविष्टि एवं आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के विभिन्न पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डेटा फीडिंग तथा सॉफ्टवेयर के प्रभावी उपयोग को लेकर अधिकारियों एवं तकनीकी स्टाफ को आवश्यक जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक चरण की सूचनाओं को ऑनलाइन पोर्टल पर रियल टाइम आधार पर अपडेट किया जाना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सूचनाओं की उपलब्धता एवं पारदर्शिता बनी रहे तथा तकनीकी कारणों से किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक के दौरान सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने कार्य को सुगम बनाने के लिए मशीनों के बॉक्सवार क्रम की रिपोर्ट उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने सॉफ्टवेयर पर आवश्यक सूचनाओं की फीडिंग एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में संयुक्त निदेशक श्री योगेंद्र कुमार एवं सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, प्रोग्रामर श्री सतवीर सिंह, श्री मुकेश सैनी सहित अन्य आईटी स्टाफ, प्रोग्रामर, सूचना सहायकों एवं निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे।