हरियाणा में बारिश को लेकर मौसम विभाग का ताजा अपडेट आया है। प्रदेश में 3 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान लगाया है। विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। यह स्थिति अगस्त के पहले हफ्ते तक बनी रह सकती है।
IMD के अनुसार, मध्य भारत में बने गहरे दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर बना रहेगा। हरियाणा में 3 अगस्त के बीच बड़े पैमाने पर बारिश होने की उम्मीद है। 1 अगस्त को बारिश थोड़ी कम हो सकती है। विभाग ने 30 जुलाई से 3 अगस्त के बीच कई जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव, ट्रैफिक में रुकावट, अचानक बाढ़ और भूस्खलन हो सकता है। लोगों को ऐसे में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।